करनाल/घरौंडा। गंजोगढ़ी के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल रांवर निवासी 42 वर्षीय सूरजभान की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। दिवाली से एक दिन पहले सूरजभान बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी गंजोगढ़ी के पास एक बोलेरो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सूरजभान सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
परिवार का आरोप है कि राहगीरों ने एंबुलेंस को कई बार कॉल किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरी में लोगों ने निजी वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार में देरी होने से उनकी हालत और गंभीर हो गई।
पीड़ित के बेटे बंटी ने बताया कि उसके पिता सूरजभान टेंपो और ऑटो चलाकर परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे में सिर में गहरी चोट लगने से खून जम गया था। डॉक्टरों ने तीन दिन तक उपचार दिया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि अगर टक्कर मारने वाला बोलेरो चालक तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाता या एंबुलेंस वक्त पर पहुंचती, तो सूरजभान की जान बच सकती थी। परिवार के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि बोलेरो किसी गुरुद्वारे का सेवा वाहन थी।
सूरजभान तीन भाई-बहनों में इकलौते बेटे थे। सूचना मिलने पर घरौंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम करवाया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।

