करनाल नगर निगम, करनाल शहर की लगभग 50 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़कों को स्मार्ट रूप देने की तैयारी कर रहा है। इस प्रोजेक्ट का मकसद केवल सड़कों की मरम्मत या चौड़ीकरण नहीं, बल्कि उनका सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है।
इस परियोजना के तहत सड़कों के किनारे फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, स्ट्रीट लाइटिंग, पीने के पानी की व्यवस्था और सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा बेंच, हरियाली, बस स्टॉप और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि सड़कों पर बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा मिल सके।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस योजना पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च अनुमानित है। फिलहाल नगर निगम की इंजीनियरिंग टीम सड़कों का सर्वे पूरा कर चुकी है और अब परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। इसके लिए सलाहकारों को आमंत्रित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में यातायात दबाव और महत्व के हिसाब से चुनिंदा मुख्य सड़कों को प्राथमिकता दी गई है। इनमें मेरठ रोड टी-पॉइंट से शहीद उधम सिंह चौक, शहीद उधम सिंह चौक से सेक्टर-9 सामुदायिक केंद्र, नूरमहल चौक से महात्मा गांधी चौक, मीरा घाटी चौक से नमस्ते चौक समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने के लिए सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। “आवेदन आ चुके हैं, जिनकी जांच के बाद उपयुक्त सलाहकार चुने जाएंगे। डीपीआर के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।