Site icon Dainik Savera Times

करनाल में पराली जलाने का नया मामला, राहड़ा गांव के किसान पर 5 हजार जुर्माना और एफआईआर दर्ज

करनाल। जिले में पराली जलाने का एक और मामला सामने आया है। राहड़ा गांव में सोमवार शाम खेत में आग लगने की सूचना पर कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि करीब डेढ़ एकड़ खेत में पराली जलाई गई थी। यह खेत गांव राहड़ा निवासी किसान ऋषि पाल का निकला।

अधिकारियों ने मौके पर पराली जलाने के सबूत मिलने पर किसान पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और एफआईआर दर्ज कर दी। साथ ही खेत की लोकेशन को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रेड एंट्री के रूप में चिह्नित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, खेत की यह लोकेशन हरसेक द्वारा सैटेलाइट से प्राप्त की गई थी।

यह मामला जिले में पराली जलाने का छठा मामला है। इससे पहले पांच अन्य किसानों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।

उपमंडल अधिकारी असंध ने इस प्रकरण में लापरवाही बरतने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया है। नागरिक संसाधन विभाग ने भी जांच में शामिल जेडई, ग्राम सचिव, पटवारी, बीएलडीए और कृषि विभाग के सुपरवाइजर को नोटिस जारी किया है।

कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आगे ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version