
करनाल के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सेक्टर-3 के पास स्थित टाटा मोटर्स के स्पेयर पार्ट्स वेयरहाउस में वीरवार सुबह अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण बताया जा रहा है। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
चंद मिनटों में ही आग इतनी भीषण हो गई कि पूरे वेयरहाउस को लपटों ने घेर लिया। वेयरहाउस में रखे स्पेयर पार्ट्स, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास तक धुआं फैल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।
प्रबंधक पवन सैनी ने बताया कि बुधवार देर रात तक वेयरहाउस में कामकाज चला था। उसके बाद पूरे वेयरहाउस को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। वीरवार सुबह चौकीदार ने सबसे पहले आग को देखा और तुरंत प्रबंधन व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल की टीम ने लगातार पानी का छिड़काव कर आग को शांत किया। आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि वेयरहाउस में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान मौजूद था।
हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन इससे वेयरहाउस को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।