Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

उपलाना में प्रधान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार – पुरानी रंजिश बनी खून की वजह

August 24, 2025

उपलाना में प्रधान की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार – पुरानी रंजिश बनी खून की वजह

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

करनाल के उपलाना गांव में कपड़ा व्यापारी और पाल समाज के प्रधान सुमेर चंद (51) की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि इस घटना में कुल 21 लोगों को नामजद किया गया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शीशपाल और सोनू के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

पुरानी रंजिश से भड़की हिंसा

पुलिस जांच के अनुसार 20 अगस्त को गांव में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सुमेर चंद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें असंध अस्पताल से करनाल ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में परिवार के सात सदस्य भी घायल हो गए थे।

बेटे ने बताई झगड़े की शुरुआत

मृतक के बेटे संदीप ने बताया कि झगड़े की शुरुआत उसी दिन दोपहर को हुई थी। उनके अनुसार सोनू पाल ने उनके पिता को राह में रोककर धमकी दी थी। शाम को जब सुमेर चंद अपनी दुकान पर बैठे थे, तब आरोपी गाली-गलौज करते हुए पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। परिजनों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर उन्हें गली में घसीटकर बेरहमी से पीटते रहे।

प्लॉट और प्रधानी बनी वजह

परिवार का आरोप है कि इस हत्या के पीछे दो बड़े कारण थे। पहला, सुमेर चंद ने वह प्लॉट खरीद लिया था, जिस पर सोनू का परिवार दावा करना चाहता था। दूसरा, गांव के पाल समाज ने सर्वसम्मति से सुमेर चंद को प्रधान चुन लिया था। यह दोनों बातें विपक्षी गुट को हजम नहीं हुईं और लगातार रंजिश बढ़ती गई।

कई बार हो चुकी थी कहासुनी

परिजनों ने बताया कि आरोपियों और सुमेर चंद के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। बावजूद इसके मामले को गांव के लोग आपसी समझौते से निपटाते रहे। लेकिन बुधवार को विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया और जानलेवा हमला हो गया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को असंध क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और अन्य फरार नामजद आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें