Site icon Dainik Savera Times

भरोसे से ब्लैकमेल तक, समाजसेवी पर महिला ने लगाए सनसनीखेज आरोप

Woman blackmail case

Woman blackmail case

करनाल। सोशल मीडिया पर शुरू हुई पहचान एक महिला के लिए डरावना अनुभव बन गई। महिला ने आरोप लगाया है कि एक सामाजिक संस्था से जुड़े व्यक्ति ने उसे विश्वास में लेकर न केवल शारीरिक शोषण किया, बल्कि आपत्तिजनक वीडियो के जरिए लंबे समय तक ब्लैकमेल भी करता रहा। शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी गुरकीरत ने खुद को समाजसेवा से जुड़ा बताते हुए उससे संपर्क साधा था। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन समय के साथ आरोपी ने नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि संस्था से जुड़े कार्यों का हवाला देकर उसे करनाल से बाहर एक होटल में बुलाया गया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया। बेहोशी की अवस्था में उसके साथ गलत कृत्य किया गया।

महिला ने बताया कि जब उसे होश आया तो आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर चुप रहने का दबाव बनाया। आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और इसी डर के चलते उससे अलग-अलग समय पर करीब 13 लाख रुपये वसूले गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

दूसरी ओर आरोपी गुरकीरत ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए इन्हें साजिश करार दिया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला थाना प्रभारी कन्नूप्रिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Exit mobile version