Site icon Dainik Savera Times

करनाल में युवक की चाकू से हत्या, तीन हमलावर फरार — पुलिस कर रही तलाश

करनाल/मधुबन। हरियाणा पुलिस अकादमी (PTC) गेट के पास वीरवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रवि (21) निवासी सिकरी गांव के रूप में हुई है। रवि ओसवाल कंपनी में मजदूर के तौर पर काम करता था और ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उस पर तीन युवकों ने हमला कर दिया।

शिफ्ट खत्म कर लौटते वक्त हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, रवि की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक की थी। गुरुवार को वह हमेशा की तरह साइकिल से कंपनी गया था। रात करीब 10 बजे जब वह घर की ओर लौट रहा था, तो पुलिस अकादमी गेट के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसे घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया।

रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रवि को अर्पणा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया।

मरने से पहले रवि ने बताया — तीन युवकों ने किया हमला

रवि के जीजा दीपू ने बताया कि अस्पताल में जब रवि होश में था, तब उसने बताया कि तीन युवकों ने उस पर चाकू से वार किए, लेकिन वह यह नहीं बता पाया कि हमला क्यों किया गया। कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।

रवि के परिवार में उसके माता-पिता, तीन बहनें और एक छोटा भाई हैं। परिवार के अनुसार, रवि घर का मुख्य सहारा था और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था।

पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया

मधुबन थाना प्रभारी गौरव पूनिया ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

फिलहाल, पुलिस टीम इलाके में हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।

Exit mobile version