कोसली : पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा,आईपीएस के कुशल दिशा-निर्देशों में कार्य करते हुए थाना खोल पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गांव धवाना की बणी (झाड़ियों) में एक महिला की हत्या कर शव फेंकने के सनसनीखेज मामले का मात्र कुछ ही घंटों में पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव मंदोला निवासी कंवरपाल के रूप में हुई है। डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गत 31 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव धवाना की बणी में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है।
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा कि शव को एक नीले रंग की चटाई में बांधकर झाड़ियों में छुपाया गया था। मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, हालांकि शरीर पर चोट के कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने का लग रहा था। जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ‘सीन ऑफ क्राइम’ (FSL) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शुरुआत में शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके चलते पुलिस ने शव को पहचान के लिए शव गृह (Mortuary) में रखवा दिया था और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए थे।
पिता के बयानों से जुड़ी कड़ियां, मृतका की हुई पहचान –
पुलिस द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद मृतका की पहचान ज्योति कुमारी (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ के गांव कुमीडीया की रहने वाली थी और हाल में गांव मंदोला में रह रही थी। दिनांक 2 जून को मृतका के पिता राम आधार ने पुलिस को बताया कि “उनकी बेटी ज्योति कुमारी की शादी वर्ष 2018 में गांव मंदोला निवासी कंवरपाल के साथ हुई थी। उनका एक 4 साल का बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद से ही दामाद कंवरपाल ज्योति के साथ मारपीट करता था। कंवरपाल अत्यधिक नशा करने का आदी था और इसी कारण उसने ज्योति की हत्या की है। जिस पर पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर थाना खोल में हत्या का मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू की थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार –
थाना खोल पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को मामले में संलिप्त आरोपी पति कंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर गहन पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
आरोपी ने कबूला गुनाह: ये थी वारदात की वजह –
पुलिस पूछताछ में आरोपी कंवरपाल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है।विवाद की वजह: आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है, जिसके चलते उसकी पत्नी ज्योति उसे हमेशा टोकती थी। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था।
हत्या की वारदात –
आरोपी ने बताया की गत 30 मई को सुबह करीब 10 बजे जब वह शराब पीकर घर आया, तो ज्योति के साथ उसकी तीखी कहासुनी हो गई। आवेश में आकर उसने ज्योति का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसने शव को घर के बाथरूम में छुपाया और घर का ताला लगाकर दोबारा शराब पीने चला गया।
शव को ठिकाने लगाना –
अगले दिन यानी 31 मई को तड़के सुबह करीब 3 बजे, उसने ज्योति के शव को एक नीले रंग की चटाई में बांधा। इसके बाद शव को अपनी मोटरसाइकिल पर लादकर गांव धवाना की बणी में ले गया और झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। रेवाड़ी पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल व अन्य साक्ष्य बरामद किए जाएंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...