Site icon Dainik Savera Times

गुमड़ की बेटी किरण पहल ने रचा इतिहास; गोल्ड मेडल लेकर गन्नौर पहुँचने पर हुआ जोरदार स्वागत

गन्नौर : जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स-2026 में महिला 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सोनीपत की बेटी किरण पहल के गन्नौर पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। गोल्ड मेडल लेकर पहुंची किरण पहल के स्वागत में ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई गई। भारतीय टीम ने किरण पहल की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3:29.69 सेकेंड के समय के साथ फाइनल में पहला स्थान हासिल किया।

टीम में किरण पहल के साथ एमआर पूवम्मा राजू मोनचेटेरा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज शामिल रहीं। इस जीत के साथ एथलेटिक्स में भारत ने शानदार उपलब्धि हासिल की। गन्नौर पहुंचने पर किरण पहल ने कहा कि पूरे गांव ने जिस तरह उनका सम्मान किया है, उससे वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि इस खुशी को वह शब्दों में बयान नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने अपने कोच, परिवार, पूरे गांव, एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया और पूरी टीम को अपनी सफलता का श्रेय दिया।

किरण ने कहा कि मुकाबले के दौरान उन पर कोई दबाव नहीं था, लेकिन पूरे देश, गांव, कोच और टीम की दुआएं उनके साथ थीं। किरण पहल ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप और उसके बाद ओलंपिक में देश के लिए और बड़े पदक जीतना है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का मौका देने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों को अवसर मिलेगा तो वे भी मेडल जीतकर गांव और देश का नाम रोशन करेंगी। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि ,रविंद्र पहल,महिपाल पांची ,वीरेंद्र फौगाट,अश्विनी गुमड़,नवीन पहल ,रविंदर पहल, शिव शर्मा आदि मौजूद रहे ।

Exit mobile version