Site icon Dainik Savera Times

ठगी, डोंकर और गायब रोहित—डंकी रूट की परतें खुलने लगीं

कुरुक्षेत्र। पिहोवा का 21 वर्षीय रोहित, जिसे इटली पहुंचाने का झांसा देकर डंकी रूट से भेजा गया था, 25 दिन से बेलारुस के जंगलों में लापता है। पुलिस लगातार बेलारुस प्रशासन से उसके लोकेशन के लिए संपर्क में है। मामले में चार एजेंट—विजय, बहादुर उर्फ रिक्की, हिमाचल निवासी हैरी और पंजाब का चरणजीत चन्नी—गिरफ्तार होकर छह दिन के रिमांड पर हैं, जबकि महिला एजेंट तमन्ना अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद फरार है।

फौजी प्लॉट, पिहोवा निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि परिचित एजेंट विजय शर्मा और उसकी पत्नी तमन्ना ने रोहित को माल्टा के रास्ते इटली में सेट कराने का लालच दिया था। सौदा 11 लाख रुपये में तय हुआ। 7 जुलाई को रोहित का पासपोर्ट और एक लाख रुपये दिए गए। इसके बाद 21 सितंबर को उसे दिल्ली से दुबई भेजा गया, जहां पहुंचते ही आरोपी दंपती ने 1.20 लाख रुपये नकद और 5.50 लाख रुपये अतिरिक्त वसूले। तमन्ना का पैसे गिनने का वीडियो भी मौजूद है।

बेलारुस बॉर्डर पर रोहित को पाकिस्तानी डोंकरों ने बंधक बना लिया। उन्होंने पंजाबी में धमकी भरे वीडियो भेजे, जिनमें रोहित को पीटा जा रहा था। परिवार ने विदेश में रह रहे बेटे अमन के जरिए 400 और फिर 500 डॉलर भेजे। पिछले सप्ताह विजय ने छुड़वाने के नाम पर एक लाख रुपये और लिए, लेकिन बाद में फरार हो गया। परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

जांच अधिकारी एसआई समशेर सिंह ने बताया कि सभी एजेंट लेयर में काम करते थे। विजय-तमन्ना लोगों को भ्रमित करते थे, रिक्की आगे हैरी को जोड़ता था और हैरी डोंकरों तक पहुंचने के लिए चन्नी पर निर्भर रहता था। अदालत ने तमन्ना की सक्रिय भूमिका मानते हुए उसकी अग्रिम जमानत खारिज कर दी है। पुलिस जल्द फरार आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

Exit mobile version