Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुरुक्षेत्र में हाईवे पर सनसनी: दो युवक हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल के साथ गिरफ्तार, विदेशी गैंग से जुड़ाव की आशंका

October 8, 2025

कुरुक्षेत्र में हाईवे पर सनसनी: दो युवक हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल के साथ गिरफ्तार, विदेशी गैंग से जुड़ाव की आशंका

कुरुक्षेत्र/पिहोवा। नेशनल हाईवे-152डी के पास मंगलवार देर शाम सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की। सीआईए-2 टीम ने मुर्तजापुर गांव के निकट एक बाइक सवार दो युवकों को हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा गोलियों के साथ दबोच लिया। मौके पर पहुंची बम डिस्पोजल टीम ने ग्रेनेड को सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के अद्दू माजरा निवासी 22 वर्षीय संदीप सिंह और शशा गांव निवासी 18 वर्षीय गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों संदिग्ध एक पंजाब नंबर की बाइक (PB 11 DK 2672) पर सवार थे।

सूत्रों का कहना है कि दोनों युवकों के तार एक विदेशी आपराधिक गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस को संदेह है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। कुछ दिन पहले कुरुक्षेत्र पुलिस को धमकी भरा फोन कॉल प्राप्त हुआ था, जिसमें जिले के किसी थाने को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद से पूरे जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं और खुफिया विभाग को सक्रिय कर दिया गया था।

गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए-2 टीम ने यह कार्रवाई की। घटना के समय डीएसपी पिहोवा निर्मल सिंह, सदर थानाध्यक्ष जगदीश सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे। देर रात तक सीआईए प्रभारी मोहनलाल भी टीम के साथ जांच में जुटे रहे।

सीआईए-2 प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका विदेशी नेटवर्क से क्या संबंध है और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें