कुरुक्षेत्र। करवा चौथ का त्योहार मनाने के कुछ घंटे बाद ही एक नवविवाहिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रविवार रात गुहला-चीका रोड पर तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला सड़क पर गिर गई और कैंटर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में पति को मामूली चोटें आई हैं, जबकि आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
चार माह पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान शरणजीत कौर (24) निवासी टाली फार्म के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार माह पहले संदीप सिंह (29) से हुई थी, जो पेशे से बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। रविवार को दंपती करवा चौथ का व्रत पूरा करने के बाद मायके से ससुराल लौट रहे थे।
तेज रफ्तार कैंटर ने मारी जोरदार टक्कर
रात करीब सवा आठ बजे बाखली गांव के पास पीछे से आ रहे एक कैंटर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान कैंटर का पिछला पहिया शरणजीत कौर की टांग पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शरणजीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। संदीप को हाथ और पैर पर हल्की चोटें आईं, इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद कैंटर चालक शिव कुमार वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। थाना सदर पिहोवा पुलिस ने संदीप सिंह के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि कैंटर को जब्त कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

