कुरुक्षेत्र। सरकार की ओर से लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए सीएम विंडो और समाधान शिविर जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई लोगों की समस्याएं अब भी दूर नहीं हो पा रही हैं। ऐसा ही एक मामला कुरुक्षेत्र में सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपती पिछले एक साल से बुढ़ापा पेंशन शुरू कराने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है।
एक साल से नहीं मिला पेंशन का लाभ
ज्योति नगर निवासी 75 वर्षीय राजेश कुमार और उनकी पत्नी 68 वर्षीय रेनू कुमारी ने 5 जुलाई 2024 को समाज कल्याण विभाग में बुढ़ापा पेंशन के लिए आवेदन किया था। दंपती का कहना है कि सभी जरूरी दस्तावेज विभाग द्वारा सत्यापित कर दिए गए थे, लेकिन पेंशन अब तक शुरू नहीं हुई।
राजेश कुमार ने बताया कि 23 जुलाई 2024 को समाधान शिविर में अधिकारियों को अपनी समस्या बताई गई थी। वहां उन्हें जल्द पेंशन शुरू होने का भरोसा दिया गया और कहा गया कि मुख्यालय से डेटा नहीं आया है। इसके बाद उन्होंने 12 अगस्त को सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कार्यालय से लेकर उपायुक्त तक लगाए चक्कर
राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कार्यालय, उपायुक्त कार्यालय और समाज कल्याण विभाग सभी जगह आवेदन किए हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि वे उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सरकार से मिलने वाली पेंशन से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन अब तक केवल वादे ही मिले हैं।
विभागीय लापरवाही से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि कई बुजुर्ग आवेदकों की समस्या है। पेंशन फाइलों के सत्यापन और स्वीकृति में देरी के कारण लोगों को महीनों तक इंतजार करना पड़ता है। विभागीय उदासीनता और धीमी प्रक्रिया इसका मुख्य कारण मानी जा रही है।

