कुरुक्षेत्र। पिहोवा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे ने सबको झकझोर दिया। ढांड रोड पर ट्रैक्टर पलटने से 50 वर्षीय महिला शिमला देवी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपने बेटे गौरव के साथ दवा लेने पिहोवा जा रही थी। रास्ते में बने गहरे गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया फंस गया, जिससे महिला संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई।
गिरने के तुरंत बाद ट्रैक्टर का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना उसके बेटे गौरव के सामने हुई, जो खुद ट्रैक्टर चला रहा था।
दवा लेने जा रहे थे मां-बेटे
गौरव ने बताया कि उसकी मां पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह मां को दवा दिलाने पिहोवा जा रहा था। जैसे ही वे ढांड रोड पर नेशनल हाईवे-152D के पास पहुंचे, अचानक ट्रैक्टर का पहिया सड़क के गहरे गड्ढे में फंस गया। झटके से उसकी मां ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ीं और हादसा हो गया।
पुलिस ने दर्ज की इत्तेफाकिया रिपोर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर पिहोवा की टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बेटे के बयान पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गुमथला गढू गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे हादसे को न्योता दे रहे हैं, जिनकी मरम्मत जल्द होनी चाहिए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...