कुरुक्षेत्र। जिले के बपदा गांव में छह माह की गर्भवती 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है, जिसने अपनी शादी की पहली वर्षगांठ के अगले ही दिन कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
मायके पक्ष ने काजल के पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए घटना को आत्महत्या बताया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर पति मनीष सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष का आरोप — “शराब पीकर करता था मारपीट, नई बाइक की कर रहा था मांग”
मृतका के भाई बब्लू, जो करनाल जिले के पिंगली गांव का रहने वाला है, ने बताया कि वह भैया दूज के दिन बहन से मिलने गया था। काजल ने बताया था कि उसका पति मनीष, सास सरोज, देवर रामकुमार, देवरानी और पति का मामा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। बब्लू के अनुसार, मनीष लगातार नई बाइक की मांग कर रहा था और इस वजह से घर में रोजाना झगड़े होते थे।
बब्लू ने बताया कि झगड़े को खत्म करने के लिए उसने अपने दूसरे जीजा से एक पुरानी बाइक खरीदकर मनीष को लगभग डेढ़ माह पहले दी थी, लेकिन इसके बावजूद वह नई बाइक की जिद करता रहा।
मृतका की बहन कोमल ने बताया कि घटना से एक दिन पहले काजल ने फोन पर बताया था, कि मनीष ने शराब पीकर उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। उसने कहा था कि उसकी जान को खतरा है और उसे मायके ले जाया जाए।
ससुराल पक्ष का पलटवार — “काजल ने खुदकुशी की, किसी ने नहीं सताया”
काजल की सास सरोज ने मायके पक्ष के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि काजल दिनभर अपने कमरे में रहती थी और घर के कामों में दिलचस्पी नहीं लेती थी। सरोज ने आरोप लगाया कि भैया दूज के दिन उसका भाई बब्लू आया था और उसने ही काजल को आत्महत्या के लिए उकसाया ताकि ससुराल पक्ष को फंसाया जा सके।
पति मनीष ने बताया कि वह काम से लौटकर घर आया तो दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो काजल फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी — पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी जानपाल सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

