नारनौल। Launch of digital census हरियाणा के विकास और भविष्य की रूपरेखा तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की शुरुआत कर दी है।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि 16 अप्रैल 2026 से राज्य में ऑनलाइन जनगणना का पोर्टल लाइव हो गया है। ऐसे में नागरिक अपनी गणना खुद भी करें। अब प्रदेश का कोई भी नागरिक अपने घर की सुख-सुविधाओं और परिवार का विवरण सरकारी पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं दर्ज कर सकता है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया की इस पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की सटीकता भी सुनिश्चित की जा सकेगी। कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि यह सुविधा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी। इस प्रक्रिया को बेहद सरल और जन-उपयोगी बनाया गया है। नागरिकों को बस अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।
इसके बाद डिजिटल मानचित्र पर अपने घर की लोकेशन मार्क कर परिवार के सदस्यों, आवास की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं जैसे पेयजल, बिजली व शिक्षा से संबंधित करीब 33 सवालों के जवाब देने होंगे। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होगी और नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना करने वाले नागरिकों को अंत में एक ‘यूनिक एस ई आई डी’ प्राप्त होगी। जब 1 मई से 30 मई के बीच गणनाकर्मी मकान सूचीकरण के लिए घर-घर आएंगे, तब नागरिकों को केवल अपनी वह आईडी दिखानी होगी। इससे गणनाकर्मी को बार-बार विवरण पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह केवल जानकारी का सत्यापन करेंगे। प्रशासन ने हरियाणा के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से इस आधुनिक मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि आपकी सही भागीदारी से ही राज्य के विकास और कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर लक्ष्य निर्धारित किया जा सकेगा। यह आंकड़े भविष्य में जिला स्तर की बेहतर प्लानिंग और नई विकास योजनाओं के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...