प्रतापनगर : राजेश सैनी के नेतृत्व में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एनफोर्समेंट थाना यमुनानगर की टीम ने कलानौर-दुसानी मार्ग पर विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने अवैध खनन सामग्री से भरे पांच डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हडक़ंप मच गया है। जानकारी के अनुसार एनफोर्समेंट थाना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कलानौर-दुसानी मार्ग पर अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश सैनी के निर्देशन में टीम का गठन किया गया और मौके पर नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच की। जांच में पांच डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में खनन सामग्री भरी हुई पाई गई, लेकिन संबंधित वाहन चालकों के पास खनन सामग्री से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद संबंधित विभागों को भी मामले की सूचना दी गई ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। प्रशासन द्वारा सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है।

