Site icon Dainik Savera Times

महिला क्लर्क हत्याकांड में बड़ा खुलासा, आरोपी शूटर 6 दिन के रिमांड पर

करनाल: करनाल में बिजली निगम की महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा हत्याकांड में पुलिस जांच तेज हो गई है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शूटर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाएगी। 15 मई को सेक्टर-9 निवासी डिंपल अरोड़ा की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वह दोपहर में ऑफिस से घर आई थीं और स्कूटी पार्क कर रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने युवक ने उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गया। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुराना पार्किंग विवाद कारण हो सकता है। बताया जा रहा है कि डिंपल अरोड़ा और पड़ोसी परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग विभागों में कई शिकायतें भी दी गई थीं। प्राप्त जानकरी के अनुसार के अनुसार पड़ोसी इंद्रपाल की मौत के बाद उसके बेटे विकास उर्फ विक्की मेहला ने डिंपल अरोड़ा को जिम्मेदार मान लिया था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शूटर विकास उर्फ संजू की मुलाकात विदेश में हुई थी, जहां वारदात की योजना बनाई गई। बताया जा रहा है कि शूटर ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद हत्या को अंजाम दिया। वारदात के लिए इस्तेमाल की गई बाइक भी उसे उपलब्ध करवाई गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। सीआईए इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच में जो भी नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version