कुरुक्षेत्र : सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम को देश के सर्वश्रेष्ठ और आधुनिक खेल परिसरों में शामिल करने के लिए तेज गति से कार्य किया जाएगा। यह स्टेडियम देश को रानी रामपाल जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दे चुका है, इसलिए यहां खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्टेडियम में आयोजित हॉकी मैच का अवलोकन करने पहुंचे सांसद नवीन जिंदल ने खिलाड़ियों के बीच जाकर उनका परिचय लिया और उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं।
खिलाड़ियों की मांग पर उन्होंने स्टेडियम में दो आधुनिक जिम, एयर कंडीशनर, ट्रैक की सफाई के लिए वैक्यूम क्लीनर, आटोमेटिक बॉल मशीन, गोलकीपर सेफ्टी किट, बॉल किट तथा शैड निर्माण सहित कई सुविधाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। सांसद ने कहा कि महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालयों का नवीनीकरण भी कराया जाएगा। खिलाड़ियों की सुविधाओं और खेल व्यवस्था की निगरानी के लिए उनके कार्यालय में विशेष टीम नियुक्त है।
इस अवसर पर चेयरमैन सुभाष कलसाना, बीबी करतार कौर, रविंद्र सांगवान, सुपार्श्व जैन, यादविंदर राणा, ईशा अग्रवाल, मनदीप सिंह एडवोकेट, अंकुर सैनी, अजैब सिंह, त्रिलोचन सिंह हांडा, बलदेव राज चावला, सुदर्शन कक्कड़, ईशा सचदेवा, राजदीप कौर बाजवा, दीपक आनंद, गुरबाज सिंह, बलदेव राज सेठी सहित खिलाड़ी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

