हरियाणा डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शीतला माता मंदिर क्षेत्र के पास स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह-सुबह आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, आग बैंक्वेट हॉल के अंदर रखे सजावटी सामान, पर्दों और फर्नीचर में तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा हॉल धुएं से भर गया। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त हॉल में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था। इस कारण किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि आग से बैंक्वेट हॉल को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-29, भीम नगर और उद्योग विहार फायर स्टेशन से 10 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

