चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 जून से पहले सभी टूटी सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करें।
संबंधित एजेंसियों को निर्माण के बाद भी इनका रखरखाव करना चाहिए। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हर घर में नल और हर नल में स्वच्छ जल’ नीति के तहत हर व्यक्ति को पीने का पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को मानसून सीजन से पहले सभी सीवरेज और नालों की सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
रणबीर गंगवा ने कहा कि इन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीवन में दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत पर अधीक्षक अभियंता को दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रणबीर गंगवा आज कैथल के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद मंत्री ने जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। बाद में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक में उन्होंने जिले की सड़कों की स्थिति पर रिपोर्ट ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर ठेकेदारों के कार्यों की जांच करते रहें। यदि किसी एजेंसी का कार्य ठीक नहीं है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सड़कों में गड्ढों या अन्य विभागीय कमी के कारण किसी की जान नहीं जानी चाहिए। अधिकारी सुनिश्चित करें कि सड़कों की स्थिति अच्छी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी विधानसभा में घोषणा की थी कि छह माह के भीतर सभी सडक़ों की मरम्मत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी को भी पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों में साफ फिल्टर होने चाहिए तथा क्लोरीनेशन प्रक्रिया नियमानुसार पूरी होनी चाहिए। जहां भी किसी प्रकार की लीकेज हो, अधिकारी उसे तुरंत ठीक करवाएं। बारिश से पहले सभी सीवरेज व नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि बारिश के दौरान किसी को परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच लाल निशान में खुला बाजार, सेंसेक्स 400 अंक गिरा

