Site icon Dainik Savera Times

लापरवाही का आरोप : डिलिवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा

Mother and Newborn Die at Karnal Government Hospital : करनाल। सरकारी अस्पताल में एक गर्भवती महिला और नवजात बच्चे की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए।

परिजनों का आरोप है कि महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। बाद में ऑपरेशन करके मृत महिला के पेट से बच्चा निकाला गया, तब तक नवजात की भी मौत हो चुकी थी। ​मृतका की पहचान उत्तम नगर की दुर्गा कॉलोनी की रहने वाली रजनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 14 नवंबर की शाम को जब रजनी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो वे उसे लेकर करनाल के सरकारी अस्पताल पहुँचे थे। परिवार को पूरी उम्मीद थी कि सामान्य तरीके से डिलीवरी हो जाएगी। गौरतलब है कि रजनी का पहले से तीन साल का एक और बच्चा भी है।

​रजनी की सास ने रोते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल पहुँचने के बाद उन्होंने कई बार नर्सों से मरीज को देखने की मिन्नतें कीं, क्योंकि रजनी दर्द से बुरी तरह तड़प रही थी। लेकिन स्टाफ ने उन्हें केवल बेड पर लेटने के लिए कहकर टाल दिया। परिवार का आरोप है कि अस्पताल का स्टाफ मरीजों की देखभाल करने के बजाय मोबाइल फोन चलाने और आपस में हंसी-मजाक करने में व्यस्त रहता है। परिजनों का यह भी कहना है कि अस्पताल में करीब 40 मरीजों की देखभाल के लिए केवल दो ही नर्सें तैनात थीं।

​परिवार ने बताया कि रजनी ने छठ मैया का व्रत रखा हुआ था। शरीर में कमजोरी न आए, इसलिए उन्होंने उसका व्रत भी तुड़वा दिया था। मृतका के पति भी छठ मैया का व्रत रखते हैं और पिछले तीन साल से बेटे की संतान सुरक्षित पैदा होने की कामना के साथ दंडवत यात्रा कर रहे हैं। पति का कहना है कि पत्नी की हालत पहले बिल्कुल ठीक थी और सामान्य डिलीवरी की उम्मीद थी। स्टाफ की ओर से जो भी खाने-पीने या दवाइयों के लिए कहा गया, परिवार ने तुरंत उसका इंतजाम किया। यहां तक कि जरूरत पड़ने पर बाहर से दवाइयां मंगवाने की भी बात कही गई थी।

​परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर और स्टाफ उनकी पत्नी और बच्चे दोनों में से किसी की भी जान नहीं बचा सके। महिला की मौत के बाद ऑपरेशन करके उसके पेट से बच्चा बाहर निकाला गया, जो मृत पैदा हुआ था। जब परिजनों ने इस लापरवाही को लेकर अस्पताल के स्टाफ से सवाल किए, तो उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। परिवार ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी कर्मचारियों और प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सरकारी अस्पताल पहुँची और परिजनों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से मिलने वाली औपचारिक शिकायत के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर बड़े और गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Exit mobile version