Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

MP Deepender Hooda ने ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत हांसी में जनसभा को किया संबोधित

February 19, 2023

MP Deepender Hooda ने ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत हांसी में जनसभा को किया संबोधित

हांसी: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत हांसी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा-जजपा सरकार ने अपने चुनावी वायदे पूरा करना तो दूर किसानों, मजदूरों, महिलाओं, नौजवानों, खिलाड़ी कर्मचारियों और जवानों समेत हर वर्ग को अपमानित किया है। सभी वर्ग अपमान का घूंट पीकर बैठे हैं और चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आगामी चुनाव में झूठे वायदे करने वाले और अपमान करने वाले भाजपा और जजपा के उम्मीदवारों को जनता ऐसा सबक सिखायेगी कि वो जिंदगी भर याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश निवेश, खेल-खिलाड़ी के मान-सम्मान, कृषि उत्पादकता, रोजगार दर, विकास में नंबर 1 पर था, उस हरियाणा को भाजपा-जजपा ने बेरोजगारी, महंगाई, अपराध में नंबर 1 बना दिया है। इस सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया। न कोई नया निवेश हुआ, न रोजगार आया। इस सरकार ने हरियाणा को आगे की बजाय पीछे ले जाने का काम किया है। ऐसी सरकार हरियाणा के लोगों ने पहली बार देखी जिसने हर वर्ग को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया।

उन्होंने कहा कि इस सरकार ने किसी का भला करना तो दूर लोगों का मान-सम्मान भी खत्म कर दिया। पहले हर दसवां सैनिक हरियाणा से होता था भाजपा ने अग्निपथ योजना लाकर उसे भी खत्म कर दिया पूरे प्रदेश में करीब 5 लाख बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेतहाशा और चौतरफा हो रहे भ्रष्टाचार से लूट मची हुई है। प्रदेश के युवाओं के हिस्से की नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं। हर दिन नये-नये घोटाले सामने आ रहे हैं। वहीं सत्ता में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने में जुटे हुए हैं। भर्तियों के नाम पर पेपर लीक, परीक्षा रद्द, फर्जीवाड़ा और घूसखोरी चल रही है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और देश में सबसे ज्यादा है। हरियाणा के युवा जहां केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोशित हैं, वहीं आम जन आसमान छूती महंगाई से त्रस्त हो चुका है। जो प्रदेश 2014 से पहले तक रोजगार देने में सबसे आगे था वो आज बेरोजगारी दर में सबसे आगे है। भाजपा ने युवाओं को हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। 9 वर्ष हो रहे हैं इस हिसाब से 18 करोड़ रोजगार मिलने चाहिए थे। लेकिन नया रोजगार मिलना तो दूर की बात है, जो लोग पहले से काम कर रहे हैं उनका रोजगार भी छीना जा रहा है।

इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश, पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह, पूर्व CPS राम किशन फौजी, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक राम निवास घोडेला, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक राम भगत शर्मा, गौरव सम्पत सिंह, धरमबीर गोयत, हर्षमोहन भारद्वाज, प्रेम सिंह मलिक, सुमन शर्मा, छात्रपाल सोनी, जस्सी पेटवाड, योगेंदर योगी, तेलु राम जांगड़ा, तेजबीर पुनिया, जयसिंह पाली, विजेंदर हुड्डा, राजेश कासनिया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें