Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Saini

June 20, 2026

अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Saini

सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन की शिकायतों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि वास्तविक और सक्रिय है। सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री ने न केवल शिकायतों को गंभीरता से सुना बल्कि मौके पर ही फोन पर संवाद कर मामलों की गहराई से जानकारी ली और तुरंत निर्णय भी दिए। बैठक के दौरान दो ऐसे मामले सामने आए जिनमें शिकायतकर्ता स्वयं उपस्थित नहीं थे। इस पर मुख्यमंत्री ने बिना समय गंवाए फोन पर सीधे शिकायतकर्ताओं से बात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली।

पहला मामला फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार का था, जिन्होंने रजवाहे पर साइफन सही तरीके से न लगाए जाने की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन पर संजय कुमार से बातचीत कर पूरे मामले को समझा और तुरंत एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि निष्पक्ष जांच के साथ समाधान सुनिश्चित हो सके। दूसरा मामला श्रीमती निर्मल कौर से जुड़ा था, जिनकी ओर से उनके पिता बैठक में उपस्थित हुए थे। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति श्री विरेंद्र पाल, जो आयुष विभाग में फार्मासिस्ट थे, उनका फरवरी 2026 में निधन हो गया था, आरोप थे कि उसके बाद उन्हें मिलने वाले लाभ और सहायता प्रदान नहीं की गई।

हालांकि बैठक में उपस्थित उनके पिता ने आयुष विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। लेकिन, मुख्यमंत्री ने इस मामले में भी सीधे श्रीमती निर्मल कौर से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने भी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद भी किया। मुख्यमंत्री की इस प्रकार की जनता के प्रति जवाबदेही वाली कार्यशैली ने स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली में न केवल प्रशासनिक सक्रियता है, बल्कि जनता की समस्याओं को व्यक्तिगत स्तर पर सुनने और समाधान निकालने की गंभीर प्रतिबद्धता भी शामिल है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सिरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं को हल करते हुए शिकायतों का निदान करें। बैठक में 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गई जिनमें से 12 शिकायतों का निपटान कर दिया गया और तीन शिकायतें लंबित रखी गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए विशेष निर्देश भी दिए, उन्होंने कहा कि सीवरेज व सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। शहरी क्षेत्र में जहां सीवरेज लाइन डाल दी गई है वहां जल्द से जल्द सड? बनाने का कार्य शुरू किया जाए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में गांव गंगा निवासी श्री परमजीत सिंह की फर्जी वसीयत संबंधी शिकायत पर अधिकारियों की ओर से बताया गया कि अंगूठा निशान की दो जगह जांच करवाई गई है और दोनों जगह धुंधली होने की वजह से रिपोर्ट का मिलान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी श्री संजय कुमार की शिकायत जिसमें उन्होंने साइफन को गलत बनाए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग थी, मुख्यमंत्री ने इस मामले में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जो मौके पर जाकर किसानों से बातचीत करेगी तथा इसके तमाम पहलूओं को देखते हुए अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

रानियां के वार्ड नंबर एक निवासी श्री बलवीर राम की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके भाई श्री जगसीर सिंह की मौत के मामले में अगर शिकायतकर्ता कोई तथ्य लेकर आए तो उसे जांच में शामिल किया जाएगा। एडिशनल मंडी सिरसा निवासी श्री हार्दिक गोयल की शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया-एक के सर्विस इंडस्ट्री शॉप के नक्शे के पेवमेंट एवं पार्किंग का नाप सही रुप से नहीं दिए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर परिषद के अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इस मामले में संलिप्तों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्य को लेकर जो टेंडर हुआ है उस पर जल्द काम शुरू किया जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें