Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

होली के दिन बड़े भाई ने छोटे भाई के खून से रंगे हाथ

March 27, 2024

होली के दिन बड़े भाई ने छोटे भाई के खून से रंगे हाथ

कैथल: होली की रात को गांव बालू में एक प्लाट के विवाद को लेकर बड़े भाई ने बेटे के साथ मिलकर छोटे भाई की छुरा मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बाप बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भाई के हत्यारे राजू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा सोनू फरार बताया जाता है। दोनों भाइयों की प्लाट के विवाद को लेकर एक सप्ताह पहले पंचायत भी हुई थी।


उस समय बड़े भाई ने पंचायत की बात को मानने से इंकार कर दिया था। इसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस को दी शिकायत में गांव बालू निवासी पूजा ने बताया कि उसके पति अमित का बड़ा भाई राजू व उसका बेटा सोनू उनके प्लाट पर कब्जा करना चाहते थे। 24 मार्च को प्लाट के बंटवारे को लेकर परिवार की पंचायत भी हुई लेकिन राजू ने पंचायत की बात नहीं मानी। उसका कहना था कि प्लाट तो वह लेकर ही रहेगा। राजू व उसका बेटा सोनू पंचायत को बीच में छोड़कर देख लेने की धमकी देकर चले गए थे। होली की रात करीब 8 बजे सोनू उसके घर से पति को यह कहकर बुलाकर लाया कि अनिल को समझा लो वह हमारे साथ झगड़ा कर रहा है।

उसी समय वह भी उनके पीछे पीछे चली आई। पूजा ने बताया कि थोड़ी देर तक जेठ राजू व उसका बेटा सोनू, पति अमित व दूसरे जेठ अनिल के साथ बात करते रहे। जेठ राजू व उसका बेटा सोनू एक दम गुस्से में आ गए। सोनू उसके पति को आंगन से घसीटकर कमरे में ले गया और राजू उसके दूसरे जेठ अनिल के साथ झगड़ा करने लगा। इसी बीच उसका जेठ राजू दूसरे जेठ अनिल से छुड़ाकर कमरे के अंदर चला गया और गेट बंद कर लिया।


फिर उसने व उसके जेठ अनिल ने धक्का देकर कमरे का गेट खोला। उसने देखा कि उसके पति अमित को उसके जेठ राजू ने पकड़ रखा है वह सोनू ने अपने हाथ में ली छुरी उसके पति के पेट में घोंप दी। यह देखकर उसने शोर मचाया। राजू व उसका लड़का सोनू मौके से फरार हो गए और उसे कह गए कि दोबारा प्लाट पर आया तो तुङो भी मार देंगे। उसके घर वाले प्राइवेट व्हीकल का इंतजाम करके उसके पति अमित को कैथल के सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी रामनिवास शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बाप बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मंगलवार को पिता राजू को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें