Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिसार में कोरोना वायरस संक्रमण से एक की मौत,16 नये मामले

May 5, 2023

हिसार में कोरोना वायरस संक्रमण से एक की मौत,16 नये मामले

हिसार: हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण से एक महिला की मौत हो गयी और संक्रमण के 16 नये मामले सामने आये।
सिविल अस्पताल हिसार से महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में रेफर की गई हिसार निवासी एक महिला की गुरुवार सुबह 7:00 बजे कोविड के कारण मृत्यु हो गई। मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक निदेशक डॉ आशुतोष शर्मा ने बताया कि महिला को कल शाम साढ़े चार बजे लाया गया था। महिला का वेंटिलेटर पर लेकर इलाज शुरु किया गया लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका। डॉ आशुतोष शर्मा ने बताया कि जब महिला को अग्रोहा मेडिकल में भर्ती किया गया तब महिला के शरीर में खून की कमी थी, उसे निमोनिया, मल्टीपल ऑर्गन फेलियर और लंबे वक्त तक बिस्तर पर रहने के कारण शरीर में जगह-जगह घाव के अलावा और भी गंभीर बीमारियां थी जिसके कारण वह रिकवर नहीं कर पाईं।

इस बीच, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ राजीव चौहान ने कहा कि करोना के प्रति अभी भी सजग रहना होगा। वे लोग जो पहले ही किसी बीमारी से जूझ रहे हैं उनके लिए कोविड अब भी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि लोगों को नियमों का पालन करना होगा और किसी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। हिसार जिला डिप्टी सिविल सर्जन डॉ सुभाष खतरेजा ने बताया कि गुरुवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 16 नये मामले सामने आए हैं। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 56 हो गयी है। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814, तीसरी लहर में 45 तथा चौथी लहर में अब तक चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें