Overloaded Truck Claims Life of 55-Year-Old Biker : करनाल। विश्वकर्मा चौक के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। सब्जी मंडी में काम खत्म कर घर लौट रहे भगवानदास को एक ओवरलोड ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। त्योहार से ठीक पहले हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान पिंगली चौक स्थित यमुना विहार निवासी भगवानदास के रूप में हुई है। वह सब्जी मंडी में काम करते थे और रात को काम खत्म करने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान विश्वकर्मा चौक के पास वह हादसे का शिकार हो गए। मृतक के परिजनों अनिल और मोहनलाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे। वहां भगवानदास ट्रक के नीचे पड़े हुए थे।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को भी पकड़ लिया है। भगवानदास तीन बेटों के पिता थे। परिवार को अहोई अष्टमी के अवसर पर उनके साथ त्योहार की खुशियां मनानी थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पिता की मौत से तीनों बेटों के सिर से साया उठ गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने हादसे के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

