Site icon Dainik Savera Times

पांच साल बाद पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक लूट गैंग का कुख्यात सदस्य साहिद गिरफ्तार

पलवल। पुलिस ने वर्ष 2020 में चालक-क्लीनर के अपहरण और कैंटर लूट की सनसनीखेज वारदात में शामिल एक फरार आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हथीन के कुकरचाटी निवासी साहिद के रूप में हुई है, जो पिछले पांच साल से पुलिस को चकमा दे रहा था।

2020 में हुआ था चालक-क्लीनर का अपहरण

जांच अधिकारी निरीक्षक मलखान सिंह ने बताया कि यह वारदात 14 जुलाई 2020 की रात को हुई थी।
शिकायतकर्ता गिर्राज (निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश) अपने क्लीनर भगवती के साथ आगरा से दिल्ली की ओर कैंटर लेकर जा रहा था। इसी दौरान तूमसरा के पास बिना नंबर की कार में आए 3-4 युवकों ने उनका कैंटर रोक लिया।

लुटेरों ने चालक और क्लीनर को कार में डालकर उनका कैंटर, मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद लूट लिए। आरोपियों ने दोनों को सुबह करीब चार बजे नूंह जिले के बदरपुर जंगलों में छोड़ दिया। बाद में पुलिस ने कैंटर को गांव जलालपुर के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया था।

पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, साहिद पांच साल से फरार था

इस मामले में पुलिस पहले ही रिजवान उर्फ रिज्जू, रहीश और राहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। पूछताछ में इन आरोपियों ने अपने अन्य साथियों साहिद, शाकिर और यूसुफ के नाम उजागर किए थे, जिसके बाद डकैती की धारा भी मुकदमे में जोड़ी गई थी।

साहिद के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज

निरीक्षक मलखान सिंह के अनुसार, साहिद ट्रक लूट गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ लूट, डकैती और हत्या जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह थाना मुंडकटी में दर्ज एक अन्य ट्रक लूट मामले में भी वांछित था, जिसमें उसने मित्रोल के पास पिस्तौल की नोक पर दवाओं से भरा ट्रक लूटा था। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version