Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंचकूला: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर परिवार के 3 सदस्यों से 39 लाख रुपये की हुई ठगी, मामला दर्ज

July 31, 2024

पंचकूला: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर परिवार के 3 सदस्यों से 39 लाख रुपये की हुई ठगी, मामला दर्ज

पंचकूला: पंचकूला के सेक्टर-7 में रहने वाले एक परिवार के तीन सदस्यों के साथ 39 लाख 10 हजार 912 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उन्हें लालच दिया गया। शिकायत के आधार पर सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-7 निवासी मानसी सहाय ने शिकायत में बताया कि 18 दिसंबर 2023 को उसके पिता ने फेसबुक अकाउंट पर शेयर बाजार के गुर सीखने संबंधी एक विज्ञापन देखा। उसके पिता ने उस पर क्लिक करके लिंक खोला। लिंक खोलने के बाद उन्होंने लिंक में बताई गई सारी जानकारी दर्ज की।

इसके बाद उन्हें शेयर बाजार के बारे में जानने के लिए एक लिंक के जरिए ग्रुप में शामिल होने के लिए कहा गया। सौम्या ठाकुर के कहने पर उसके पिता ने मार्च माह में एक हजार शेयर लिए थे, जिनकी कीमत एक लाख 50 हजार रुपए थी, जिससे उन्हें 35 हजार का मुनाफा हुआ है। मुनाफे के लालच में आकर दोनों भाई-बहन शिकायतकर्ता के पिता की सलाह पर ग्रुप में शामिल हो गए। 2 अप्रैल 2024 को उन्होंने क्रिप्टो करेंसी के बारे में बात की और तीनों ने बताई गई साइट पर रजिस्ट्रेशन कराया।

उन्होंने डेढ़ लाख रुपए डाले और 15-20 मिनट बाद उनके एप पर अकाउंट में मुनाफा दिखने लगा, जिससे उन्हें एप्लीकेशन पर यकीन हो गया। अधिक मुनाफे के लालच में तीनों ने और पैसे लगा दिए। तीनों ने इसमें कुल 39 लाख 10 हजार 912 रुपए लगा दिए, लेकिन जब उन्होंने एप से पैसे निकालने की कोशिश की तो पैसे नहीं निकले। उन्होंने आरोपियों से बात की तो आरोपियों ने कहा कि वे कोई पैसा नहीं निकाल सकते, सिर्फ जमा कर सकते हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता को शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत की।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें