पानीपत। दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके के बाद दिल्ली एनसीआर में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी कड़ी में पानीपत जिले में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। जिले में सिलिंग प्लान लागू कर 44 नाकों पर पुलिस की चेकिंग बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एनएफएल, थर्मल और रिफाइनरी जैसे संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सीआईएसएफ ने तीनों बड़ी औद्योगिक इकाइयों में सघन जांच अभियान चलाया, जबकि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की पूछताछ कर रहे हैं।
सोमवार को दिल्ली के लाल किले के पास कार में धमाका हुआ था, जिसके बाद प्रशासन सतर्क हो गया। दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। साथ ही डॉग स्कवायड की मदद से रेलगाड़ियों और बसों की तलाशी भी ली जा रही है।
पुलिस ने खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया है और सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई भी आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट न हो।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया, “दिल्ली में धमाके के बाद जिले में सिलिंग प्लान लागू कर 44 नाकों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सभी थाना प्रभारियों को सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।”

