पानीपत। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने देर रात उस गुप्त नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जो ड्रेन नंबर-2 में केमिकल गिराने के लिए ट्रैक्टर-टैंकरों का इस्तेमाल कर रहा था। टीम ने मौके से 13 टैंकर पकड़े और 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जिनमें कई फैक्ट्री मालिक भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: जमीनी रंजिश में घर में घुसकर दंपती पर हमला, चार नामजद
जांच में सामने आया कि ड्रेन नंबर-2 सीधे यमुना नदी में मिलता है और यहां से लिए गए पानी के नमूने लगातार फेल हो रहे थे। इसी संदेह के आधार पर स्क्वॉड और HSPCB ने आधी रात को संयुक्त कार्रवाई की। अंधेरे में खड़े कई टैंकर बिना उपचारित रासायनिक कचरा गिराते पाए गए, जबकि एक चालक मौके से भाग निकला।
टीम ने कुरार गांव के पास की लोकेशन को सील करते हुए सभी ट्रैक्टर और टैंकर आरटीए पानीपत को सौंप दिए। विभाग ने ट्रैक्टर मालिकों पर 3.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। ड्राइवरों ने पूछताछ में बताया कि उनके वाहनों को कुरार, छाजपुर और जलालपुर की फैक्ट्रियों में “डिप्यूट” किया गया था और उन्हें रात में केमिकल ले जाकर ड्रेन में गिराने के निर्देश मिलते थे।
HSPCB वैज्ञानिक शिवेंद्र सिंह ने बताया कि टैंकरों और फैक्ट्रियों से नमूने एकत्र कर लिए गए हैं। इन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के बाद कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा संचालन लंबे समय से चल रहा था, जिसे अब पहली बार पक्के सबूतों के साथ पकड़ा गया है।

