Dainik Savera Times

लेडी साइको किलर केस: तांत्रिक छाया और आत्मा का दावा

पानीपत। चर्चित लेडी किलर केस में परिवार के हालिया दावों ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। सोनीपत के वेस्ट रामनगर निवासी संदीप का कहना है कि मासूम विधि की मौत बारात की तैयारी के दौरान हुई थी। घर में संगीत चल रहा था और सभी बाहर व्यस्त थे। तभी पूनम ने कथित रूप से पानी से भरा टब कमरे में रखवाया और विधि को अंदर ले जाकर डुबो दिया।

पहले भी उठा था शक

संदीप ने दावा किया कि सिवाह गांव में जिया की संदिग्ध मौत के समय भी उनका शक बढ़ा था, लेकिन कोई पुख्ता सबूत मौजूद नहीं था। अब तीन बच्चों की मौतें एक जैसी परिस्थितियों में सामने आने से परिवार पुराने घटनाक्रम को फिर से जोड़ रहा है।

तांत्रिक एंगल को पति ने नकारा

पूनम के पति नवीन ने कहा कि उनका किसी भी तांत्रिक से कोई संपर्क नहीं रहा। उनका कहना है कि बच्चों की मौत के बाद पूनम ने अचानक दावा किया कि उस पर पड़ोस के मृत युवक की आत्मा हावी है और वही उससे यह सब करवा रही है। नवीन का कहना है कि यह बात उसके मायके वाले ही स्पष्ट कर सकते हैं।

मानसिक स्थिति पर बड़ा सवाल

नवीन ने बताया कि 2019 में शादी के बाद पूनम कभी मानसिक रूप से अस्थिर नहीं दिखी। हालांकि, बेटे शुभम और भांजी इशिका की मौत के बाद उसका व्यवहार बदलने लगा। वह बार-बार मायके जाने लगी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतने गंभीर अपराध कर सकती है।

परिवार ने सख्त सजा की मांग की

परिवार का कहना है कि शुभम, इशिका और विधि को जिस तरह पानी में तड़पाकर मारा गया है, उसी तरह आरोपी को भी कठोर सजा मिलनी चाहिए। पुलिस अब पूरे मामले में हत्या, मानसिक स्थिति और तांत्रिक प्रभाव से जुड़े सभी पहलुओं की दोबारा जांच कर रही है।

Exit mobile version