Site icon Dainik Savera Times

पानीपत: गीता यूनिवर्सिटी की एलएलबी छात्रा की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज

पानीपत। जीटी रोड पर नांगल खेड़ी गांव के पास हुए सड़क हादसे में गीता यूनिवर्सिटी की एलएलबी फाइनल ईयर की छात्रा निशा (24) की मौत हो गई। हादसा वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब वह अपनी स्कूटी से यूनिवर्सिटी जा रही थी। पुलिस ने छात्रा के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सेक्टर-29 थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतका निशा विकास नगर की रहने वाली थी। वह गीता यूनिवर्सिटी, करहंस (समालखा) में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। वीरवार सुबह यूनिवर्सिटी जाते समय पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निशा सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में भिजवा दिया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है

Exit mobile version