Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंचायत समिति के सदस्य पर दुष्कर्म का आरोप, कार्रवाई न होने से पीड़िता ने की आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

November 9, 2025

पंचायत समिति के सदस्य पर दुष्कर्म का आरोप, कार्रवाई न होने से पीड़िता ने की आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पानीपत। पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने से आहत होकर शनिवार दोपहर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती ट्रेन के आगे कूदने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन मौके पर मौजूद जीआरपी जवानों ने उसे बचा लिया। पुलिस को युवती के पास से एक नोट मिला है, जिसमें उसने गांव के पंचायत समिति सदस्य राजेश उर्फ चेयरमैन राजू पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।

घटना के बाद पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर आरोपी पंचायत समिति सदस्य और उसकी पत्नी के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पीड़िता को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे युवती पिट्ठू बैग लेकर पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन के आगे कूदने का प्रयास किया। मौके पर तैनात जीआरपी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि राजेश उर्फ चेयरमैन राजू ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी अपनी मौसी के साथ गांव में रहती थी और पिछले पांच माह से पुलिस के चक्कर काट रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को युवती ने मानसिक तनाव के चलते नशीला पदार्थ भी खा लिया था, जिसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पंचायत समिति सदस्य होने के कारण पुलिस कार्रवाई से बचती रही, जिससे आहत होकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया।

उधर, जीआरपी पुलिस ने पूरे मामले की जीडी में एंट्री कर युवती को पुराना औद्योगिक थाना भेज दिया। थाना पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर राजेश उर्फ चेयरमैन राजू और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि युवती कई बार मेडिकल के लिए बुलाई गई थी, लेकिन उसने इनकार कर दिया था। अब उसके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने कहा कि, “युवती की मां की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है, और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें