Site icon Dainik Savera Times

चार हत्याओं के बाद पांचवीं गुत्थी: अब जिया केस में पूछताछ की तैयारी

Poonam child murder case

Poonam child murder case

पानीपत। चार मासूम बच्चों की हत्या के मामले में आरोपी पूनम से जुड़ी जांच एक बार फिर निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ती दिख रही है। सोनीपत पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में पानीपत जेल भेज दिया गया है। अब अगला कदम पानीपत पुलिस और एसआईटी की ओर से उठाया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, पानीपत पुलिस ने आरोपी पूनम को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की औपचारिक तैयारी शुरू कर दी है। यह कार्रवाई सिवाह गांव में नौ वर्षीय बच्ची जिया की हत्या से जुड़े मामले की तफ्तीश के तहत की जाएगी। जांच एजेंसी आरोपी से उस घटना से संबंधित अहम जानकारियां जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल की निशानदेही भी कराएगी। इसके लिए जल्द अदालत का रुख किया जाएगा।

गौरतलब है कि आरोपी पूनम के खिलाफ विभिन्न जिलों में हत्या के कई मामले दर्ज हैं। पानीपत के इसराना और सेक्टर-29 थाना क्षेत्रों में चार बच्चों की हत्या के आरोपों को लेकर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। वहीं सोनीपत के बरोदा थाना क्षेत्र में भी आरोपी पर अपने बेटे और रिश्तेदार बच्ची की हत्या का मुकदमा चल रहा है।

बीते सप्ताह सोनीपत पुलिस ने पूनम को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी ससुराल स्थित भावड़ गांव में दो बच्चों की हत्या में संलिप्तता स्वीकार की थी। जांच के दौरान मनोचिकित्सक की मौजूदगी में बयान दर्ज किए गए और घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी वारदात का क्रम भी समझा गया।

पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। इसके बाद उसे पुनः पानीपत जेल में दाखिल कर दिया गया।

इधर, पानीपत में दर्ज मामलों की जांच के लिए डीएसपी सुरेश कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। एसआईटी का फोकस अब अगस्त 2025 में सिवाह गांव में हुई बच्ची जिया की हत्या पर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आरोपी से होने वाली पूछताछ इस मामले में कई अहम कड़ियों को जोड़ सकती है।

Exit mobile version