Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

वीडियो कॉल के बाद टूटा रिश्ता, युवक ने दी जान

December 17, 2025

वीडियो कॉल के बाद टूटा रिश्ता, युवक ने दी जान

मतलौडा। घरेलू कलह और लगातार मानसिक दबाव के बीच एक युवक की जिंदगी थम गई। थाना मतलौडा क्षेत्र के उरलाना कलां गांव में 33 वर्षीय युवक मोनू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

परिजनों के मुताबिक मोनू पिछले लंबे समय से पारिवारिक तनाव से जूझ रहा था। उसकी शादी वर्ष 2019 में प्रयागराज निवासी काजल से हुई थी। दंपती की दो छोटी बेटियां हैं। परिवार का आरोप है कि आए दिन होने वाले विवादों और धमकियों ने मोनू को अंदर से तोड़ दिया था।

बताया गया कि हाल के दिनों में पति-पत्नी के संबंध और अधिक बिगड़ गए थे। शुक्रवार को काजल बिना बताए घर से चली गई थी, जिसके बाद परिवार के लोग उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे। सोमवार शाम को मोनू की पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई, जो विवाद में बदल गई।

परिजनों का कहना है कि उसी बातचीत के बाद मोनू अत्यधिक तनाव में आ गया। कुछ ही समय बाद उसने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह जब परिजनों ने उसे आवाज दी तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सका। अंदर जाकर देखा तो उसका शव फंदे पर लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई बंटी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें