People enraged by sewerage and waterlogging : सोनीपत। लगातार हो रही बारिश ने शहर की बदहाल सीवरेज व्यवस्था और जलभराव की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया। जगह-जगह सड़कों पर भरे पानी और जाम पड़े सीवरों से परेशान लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ जनता का गुस्सा खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया, जब पार्षदों और स्थानीय निवासियों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और जोरदार प्रदर्शन किया।
विधायक ने खुलवाया निगम का ताला
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सीवरेज और जलनिकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते हर बारिश में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक निखिल मदान भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए निगम आयुक्त हर्षित कुमार को मौके पर बुलाया और करीब आधे घंटे से बंद पड़े निगम का ताला खुलवाया।
बैठक में विधायक सख्त, चेतावनी
ताला खुलवाने के बाद विधायक निखिल मदान ने नगर निगम आयुक्त, मेयर और प्रदर्शन कर रहे पार्षदों के साथ एक आपातकालीन बैठक की। बैठक में अधिकारियों और काम कर रही एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए विधायक ने साफ कहा कि आम जनता की मूलभूत समस्याओं और सीवरेज ब्लॉक जैसी दिक्कतों को लेकर अधिकारी या संबंधित एजेंसी किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। अगर जनता परेशान हुई, तो नियमों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read :

