Site icon Dainik Savera Times

पिहोवा हाईवे पर पलटी कार, मोहाली के राम सिंह की दर्दनाक मौत

पिहोवा। हिसार–चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर शनिवार सुबह हुए भीषण हादसे में मोहाली के बाकरपुर गांव के 46 वर्षीय राम सिंह की जान चली गई। क्रॉसिंग पर तेज रफ्तार कार की साइड टक्कर से स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित हो गई और कई पलटियां खाती हुई खेतों में जा गिरी। दो बच्चों समेत छह यात्री घायल हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी भेज दिया है।

घटना से पहले राम सिंह अपने परिजनों के साथ राजस्थान स्थित गोगा मेड़ी धाम से लौट रहे थे। यात्रा में उनकी बेटी वीरेंद्र कौर, जीरकपुर की जसविंद्र कौर, अंबाला निवासी सुनीता, उसके बच्चे वंश और अमनदीप कौर, तथा मनीमाजरा निवासी हरविंद्र कौर शामिल थीं। देर रात दर्शन के बाद सभी शनिवार तड़के घर की ओर चले थे।

इसी दौरान धनीरामपुरा गांव के पास कैथल दिशा से आ रही एक कार अचानक उनकी लेन में आई और पार करते समय जोरदार टक्कर मार दी। झटके से स्विफ्ट डिजायर उछली, सड़क छोड़कर नीचे खेत में लुढ़क गई। वाहन रुकने तक कई बार पलटा, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत दौड़े और दरवाजे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। बच्चों सहित बाकी घायलों का उपचार जारी है।

टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वाहन व आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version