
Police action against illegal weapons : महेंद्रगढ़। अवैध हथियार रखने और उनका प्रयोग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो खाली खोल बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर महेंद्रगढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि 8 अगस्त को सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम तुलाराम चौक के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक बंदरवाल सिटी के पास अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने मौके से निकलने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान प्रदीप निवासी खायरा, महेंद्रगढ़ की जेब से एक देसी पिस्टल बरामद हुई। जन्मदिन समारोह में हवाई फायर करने की बात पूछताछ के दौरान नरेश निवासी उस्मापुर ने पुलिस को बताया कि उक्त पिस्टल उसका लाइसेंसी हथियार है। उसने बताया कि एक दिन पहले उसके दोस्त प्रदीप का जन्मदिन था और जन्मदिन समारोह के दौरान दोनों ने हर्ष-उल्लास में हवाई फायर किए थे। फायरिंग के दौरान प्रदीप के पास पिस्टल रह गया था।
हालांकि पुलिस द्वारा हथियार का वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत करने को कहने पर दोनों युवक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पिस्टल और दो खाली खोल कब्जे में ले लिए। पुलिस ने बताया कि मामले में थाना शहर महेंद्रगढ़ में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ तथा मामले की आगामी जांच जारी है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अवैध हथियार रखने, लेकर घूमने या उनका इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...