Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

वैलेंटाइन-डे पर पत्नी की हत्या करने वाला आरोपित पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

February 23, 2024

वैलेंटाइन-डे पर पत्नी की हत्या करने वाला आरोपित पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सोनीपत शहर के सारंग रोड पर स्थित रेलवे पार्क के अंदर महिला स्वास्थ्य कर्मी की गला दबाकर हत्या करने के आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी भानू निवासी पांची गन्नौर का है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वारदात को अंजाम देने से कई दिन पहले प्लान तैयार किया था। जिसके चलते वह अपनी पत्नी को घर से बाइक पर बैठाकर लाया था। उसके बाद पार्क में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।


जानकारी के मुताबिक न्यू चिन्तपूर्णी कॉलोनी मुरथल रोड निवासी संतरा ने गत 14 फरवरी को शिकायत देकर बताया था कि उसकी बेटी निशा अपने बेटे के साथ उसके पास रहती थी। उसकी बेटी निशा मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली में नौकरी करती थी। उसकी बेटी का पति भानू उसकी बेटी के चरित्र पर संदेह करता था। वह उससे नौकरी छोड़ने के लिए कहता था। छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी बेटी के साथ झगड़ा करता रहता था। महिला ने बताया कि बुधवार देर शाम को उसकी बेटी निशा को हुड्डा पार्क में भानू लेकर गया था। उसके साथ बेटा रोनित भी गया था।

उसने रोनित को पार्क में खेलने के लिए कहा। उसके बाद उसकी बेटी निशा को नौकरी छोड़ने के कहने लगा। उसने मना किया तो जान से मारने की धमकी दी। उसकी बेटी ने घर पर आने के बाद उसे सारी बातें बताई। सुबह उसकी बेटी डयूटी के लिए घर से निकली। उन्हें सूचना मिली कि उसकी बेटी की गली दबाकर हत्या की हुई है। उसका शव सारंग रोड पर रेलवे पार्क में पड़ा हुआ है।


थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि 14 फरवरी को रेलवे पार्क में निशा का शव बरामद हुआ था। मृतका निशा दिल्ली में नर्स के पद पर तैनात थी। आरोपित भानू वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन में बैठकर फरार हो गया था। आरोपी ने बताया है कि वह निशा के चरित्र पर शक करता था और इसीलिए उसने निशा को पार्क में बुलाकर गला दबाकर हत्या की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें