Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुरुक्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

October 10, 2026

कुरुक्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

थानेसर : कुरुक्षेत्र जिले में ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने पहुंचे दो आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। गांव पलवल के पास हुई इस घटना में दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें पानीपत निवासी यशपाल के पैर में गोली लग गई। उसका साथी इंदल पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है।

CIA-1 की टीम को सूचना मिली थी कि गांव पलवल के पास दो व्यक्ति ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने में लगे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान मामला मुठभेड़ तक पहुंच गया और दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। पुलिस के अनुसार, यशपाल ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

इस दौरान दोनों तरफ से करीब 4 से 5 राउंड फायर हुए। जवाबी कार्रवाई में यशपाल के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं, उसके साथी इंदल ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल यशपाल को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है, जबकि इंदल से पूछताछ की जा रही है।

CIA-1 के प्रभारी प्रतीक कुमार के अनुसार, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने के प्रयास और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें