Police Crack Down on Illegal Firecracker Sales : करनाल। दीपावली के त्योहार पर आग की घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करनाल पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्ती बरतने की तैयारी की है।
पुलिस अधीक्षक करन गोयल के निर्देश पर पुलिस द्वारा लोगों और पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस या जरूरी अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान पटाखों का असुरक्षित भंडारण आग और अन्य हादसों का कारण बन सकता है।
ऐसे में पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित स्थानों पर ही नियमानुसार भंडारण और बिक्री करनी चाहिए। रिहायशी मकानों, दुकानों, बेसमेंट और अन्य असुरक्षित स्थानों पर नियमों के विरुद्ध पटाखे रखने से बचने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा पटाखों को गैस सिलेंडर, खुले बिजली के तारों, आग और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने तथा भंडारण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी से न केवल संबंधित व्यक्ति, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल को भी खतरा हो सकता है। एसपी करन गोयल ने लोगों और पटाखा कारोबारियों से दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने का संदेश दिया। करनाल पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी रखी जा रही है।

