Site icon Dainik Savera Times

पूर्व विधायक की फैक्टरी पर फायरिंग करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़

यमुनानगर : पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात को जठलाना क्षेत्र में अपराध शाखा 2 औरसीआईए-1 की बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पहले से गिरफ्तार शूटर अमन के साथी हैं।

अमन को पुलिस ने मंगलवार रात को ही काबू कर लिया था। तीनों आरोपी कुरुक्षेत्र के सुनहरी खालसा गांव के रहने वाले हैं और आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं और तीनों ने एक गैंगस्टर और एक लाख के इनामी बदमाश के इशारे पर पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। डीएसपी रजन गुलिया ने बताया कि उनकी टीम के इंचार्ज राकेश कुमार व उसकी टीम को दोनों आरोपियों की जठलाना क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईए 2 टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी हर्ष के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों को काबू कर लिया गया। करीब एक दर्ज से अधिक राउंड फायर हुए। एक गोली सीआईए-2 के इंचार्ज राकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जेकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गया और दोंनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। हर्ष के पैर में गोली लगी, जिसे सिविल अस्पताल में लाया गया व दूसरे आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया।

उनके पास से बाईक भी बरामद कर ली गई है। मौके से पिस्टल व राउंड भी बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी गत् दिवस पकड़े गए आरोपी अमन उर्फ काकू के करीबी हैं। गौरतलब है कि मंगलवार रात को गिरफ्तार किए गए अमन ने भी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए भागने का प्रयास किया था, जिसके दौरान वह घायल हो गया था। अब उसके दोनों साथियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरे मामले की कडिय़ां जोडऩे में मदद मिलेगी। घायल बदमाश हर्ष और उसके साथी अभिषेक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों व अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गौरतलब है कि गत दिवस आरोपियों ने पूर्व विधायक की जठलाना स्थित फैक्टरी के बाहर कईं राउंड फायर किए थे। तब से ही टीमें इनकी तलाश में लगी हुई थी। पहले आरोपी अमन को गिरफ्तार किया और अब देर रात दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अब आरोपियों से पूछताछ की जायेगी। वहीं पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अपील की है कि युवा विदेश में बैठे अपराधिक लोगों के बहकावें में ना आयें व उनका गलत इस्तेमाल करते हैं।

Exit mobile version