Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैथल में पुलिस ने 766 किलो अवैध पटाखे किए बरामद

October 22, 2026

कैथल में पुलिस ने 766 किलो अवैध पटाखे किए बरामद

कैथल : एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमों ने कांगथली और पूंडरी में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 766 किलो 825 ग्राम पटाखे बरामद किए हैं। इनमें 70 गत्ता पेटियां और एक प्लास्टिक कट्टा शामिल है। पुलिस के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर के दौरान जिले में अवैध पटाखों से जुड़े 10 मामलों में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 3032 किलोग्राम पटाखा सामग्री और 588 पेटियां बरामद की गई हैं।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि इंद्रा कॉलोनी, पूंडरी निवासी कमल ने अपने किराये के मकान में बिक्री के लिए अवैध पटाखे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा तो वहां गत्ते की पेटियां मिलीं। पटाखों की जांच के लिए पूंडरी उपकेंद्र के एलएफएम कश्मीर सिंह और एलएफएम दर्शन सिंह को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान 60 पेटियों में चट्टर-पट्टर पटाखे मिले। बरामद सामग्री का कुल वजन 458 किलो 725 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पटाखों के भंडारण संबंधी कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका।

कांगथली के किराना स्टोर के ऊपर बने कमरे में रखा था स्टॉक :-

दूसरी कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने सीवन क्षेत्र के कांगथली बस अड्डे पर की। स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई ईशम सिंह की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रजनी कॉलोनी, कैथल निवासी राजेंद्र कुमार कांगथली में सुमित किराना स्टोर के नाम से दुकान चलाता है और वहां पटाखे रखकर बेचता है।

पुलिस ने दमकल केंद्र चीका के कार्यालय प्रभारी सतपाल कुमार को मौके पर बुलाकर उनके साथ दुकान के ऊपर बने कमरे की तलाशी ली। वहां से अनार बम, स्काई शॉट और गंगा-जमुना पटाखों सहित 10 गत्ता पेटियां और एक प्लास्टिक कट्टा बरामद हुआ। इनका कुल वजन 308 किलो 100 ग्राम था। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र कुमार भी पटाखे रखने और बेचने का लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें