Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

साले द्वारा 8.70 लाख उधार ना लौटाने पर पुलिस अधिकारी ने जहर खाकर दी जान

November 17, 2024

साले द्वारा 8.70 लाख उधार ना लौटाने पर पुलिस अधिकारी ने जहर खाकर दी जान

रोहतक: सदर थाना में तैनात स्पेशल पुलिस आफिसर द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से इस बारे में पता किया। बताया जा रहा है कि उधार दिए गए पैसे नहीं मिलने के कारण स्पेशल पुलिस अधिकारी काफी समय से परेशान चल रहा था और इसी के चलते यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार गांव भैणी सूरजन निवासी बंसी ने बताया कि उसका छोटा भाई भूप सिंह हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस आफिसर के पद पर तैनात था। भूप सिंह अपने परिवार के साथ पिछले तीन साल से जींद बाईपास के पास एक किराए के मकान में रहता था और फिलहाल सुखपुरा चौक स्थित पुलिस चौकी में तैनात था।

भूप सिंह ने हिसार बाईपास स्थित एक मिष्ठान भंडार की दुकान पर जहरीला पदार्थ खा लिया, इसी दौरान तबीयत बिगड़ने पर लोगों ने भूप सिंह को पीजीआई में भर्ती कराया, जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी पीजीआई पहुंचे और इस बारे में पता किया। बंसी ने पुलिस को बताया कि उसके भाई भूप सिंह का वर्ष 2016 से अपने साले सोनू के साथ आठ लाख 70 हजार रूपये के लेन देन को लेकर मनमुटाव चल रहा था और अब सोनू पैसे वापिस देने से मना कर रहा था। वहीं अभिषेक नामक व्यक्ति के साथ मिष्टान भंडार की दुकान में पार्टरनशिप के लिए दस लाख दिए हुए थे और अब आरोपी अभिषेक भी पैसे वापिस नहीं दे रहा था, जिसके चलते भूप सिंह परेशान चल रहा था और इसी के चलते उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें