Police Seize Illegal Firecrackers Worth ₹3 Crore : हिसार। दिवाली से पहले हिसार पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए मल्लापुर से अस्रावां रोड स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी की। पुलिस ने 633 पेटी में करीब 5,000 किलोग्राम पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये बताई गई है।
मामले में हिसार निवासी कपिल को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक दाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले परिसर में कथित तौर पर पटाखे बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से कपिल निवासी हिसार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस परिसर में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्ट्री थी। आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने इस परिसर को पटाखे बनाने के लिए आरोपी को 80 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया हुआ था।
पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री में छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने के संबंध में थाना आदमपुर में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं, पटाखों के निर्माण, भंडारण और आपूर्ति से संबंधित जानकारी जुटाई जा सके। मामले में फैक्ट्री परिसर को किराये पर देने सहित अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध अनुमति और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए पटाखे बनाने या उनका भंडारण करने से आग लगने, विस्फोट होने तथा जान-माल के भारी नुकसान का गंभीर खतरा रहता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

