Site icon Dainik Savera Times

पुलिस ने 50 लाख से ज्यादा की शराब की जब्त, नाकाबंदी कर तस्कर किए गिरफ्तार, अंग्रेजी शराब की 308 पेटियां निकली

फतेहाबाद में अवैध शराब से भरा ट्रक पुलिस ने जब्त किया है। जिसमें 50 लाख से ज्यादा की अवैध शराब की तस्करी की जानी थी। इसके साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर तस्करों को काबू किया।

मामला दरियापुर हाइवे का है। जहां चेकिंग करते हुए पुलिस ने तस्करों को रंगेहाथ पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया। एवीटी प्रभारी एसआई वेद ने बताया कि हाइवे पर चेकपोस्ट बना नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच शराब से भरे ट्रक को जब्त किया गया।

तस्करों की पहचान गांव बलुआना तहसील अबोहर जिला फाजिल्का पंजाब निवासी लखविंदर सिंह और अजय के रूप में हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर सदर थाना फतेहाबाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को मुखबिर द्वारा गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।

 

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच सिरसा की ओर से एक आयशर का ट्रक आता हुआ दिखाई पड़ा। ट्रक चालक और उसका साथी पुलिस को सामने देख कर ट्रक को रुककर भागने की कोशिश करने लगे। तस्करों को भागता देख पुलिस ने तुरंत आरोपियों की पकड़ने की कोशिश की।

 

जिसके बाद पुलिस टीम ने चारों तरफ से उन्हें घेरकर पकड़ लिया। आरोपियों से उनकी पहचान पूछी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी में सामने आया कि ट्रक में अंग्रेजी शराब की कुल 308 पेटियां है। जिनकी कीमत 50 लाख से अधिक है। पुलिस जांच–पड़ताल में जुटी है।

Exit mobile version