अंबाला शहर : अम्बाला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अंबाला सीआईए-1 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के मामले में 2 आरोपियों गुरजीत सिंह व शिव नाथ दोनों निवासी गांव रवालो जिला अम्बाला को गिरफ्तार किया है। जहां जांच टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 चोरी की गई बाइक बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अंबाला शहर बलदेव नगर तथा पंजाब क्षेत्र से ये बाइक चोरी की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक दलबीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता दीप्ति कुमार निवासी गांव लोहसिंबली जिला पटियाला पंजाब ने बीते 24 सितंबर 2026 को थाना बलदेव नगर में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया गया था कि 15 सितंबर 2026 को अज्ञात आरोपी ने सिविल अस्पताल अम्बाला शहर के पास से उसकी बाइक चोरी कर ली थी। इसी शिकायत के आधार पर थाना बलदेव नगर में मामला दर्ज कर मामले की जांच अंबाला सीआईए-1 टीम को सौंपी गई थी।
इस मौके पर अंबाला सीआईए-1 टीम के प्रभारी निरीक्षक परमवीर के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक दलबीर सिंह व पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरजीत सिंह निवासी गांव रवालो को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी ने मामले में शिव नाथ निवासी गांव रवालो की संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी शिव नाथ को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 5 चोरी की गई बाइक बरामद की हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी गुरजीत सिंह के खिलाफ थाना सदर अम्बाला में चोरी से संबंधित तथा थाना मुलाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पहले से दर्ज है। आरोपी इन मामलों में माननीय न्यायालय से जमानत पर आया हुआ था। वहीं दूसरे आरोपी शिव नाथ के खिलाफ भी थाना सदर अंबाला में चोरी से संबंधित मामला पहले से दर्ज है। पुलिस जांच टीम ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अम्बाला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

