Police-Traffickers Encounter in Shahabad, One Arrested with 200g Heroin : कुरुक्षेत्र। शाहबाद में सोमवार शाम पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोकने पर उसमें सवार तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 ग्राम चिट्टा बरामद किया। वहीं, पुलिस पर गोली चलाने वाला दूसरा आरोपी हथियार सहित फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। शाहबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नशे की एक बड़ी खेप लेकर इस इलाके से गुजरने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाहबाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने एक रिट्ज कार को रुकने का इशारा किया। जैसे ही कार को रोका गया, उसमें कंडक्टर की सीट पर बैठे नशा तस्कर ने पुलिस पार्टी पर सीधा फायर कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से स्थिति तनावपूर्ण हो गई, पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को दबोच लिया और उसके पास से 200 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपने हथियार सहित फरार होने में सफल रहा। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को लगा दिया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

