
रोहतक : रोहतक पुलिस ने जेएलएन नहर से प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान का शव बरामद कर लिया है। 4 दिन से पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 देसी पिस्तौल व 5 कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए एक आरोपी ने 19 फरवरी को सत्यवान की कार पर जीपीएस लगाया था। जीपीएस के जरिए ही उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही थी।
बता दें कि 20 फरवरी को रोहतक के खरावड़ आउटर बाईपास पर खेड़ी साध गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की कार लावारिस हालत में मिली थी। कार के अंदर और बाहर खून ही खून था। पुलिस जांच टीम को मौके से 14 गोलियों के खोल मिले। एक काले रंग की घड़ी भी टूटी हुई मिली। एक मोबाइल फोन भी था, जिस पर खून लगा हुआ था। कार में शराब की बोतल व गिलास भी थे। गोलियां लगने से कार के शीशे चकनाचूर हो गए थे। जांच के बाद कार रोहतक जिला के खेड़ी साध गांव के सत्यवान के नाम पर रजिस्टर्ड मिली।
घटना वाले दिन सत्यवान अपने बेटे आयुश का पेपर दिलवाने के लिए खरखौदा के एक स्कूल में गया था। उसके बाद रोहतक में वीटा चौक के नजदीक अपने मौसेरे भाई जगमेंद्र के पास गया था। फिर जमीन की कागजात के लिए सांपला में तहसील में भी गया था। आईएमटी पुलिस स्टेशन में सत्यवान की मां धनपति की शिकायत पर केस दर्ज किया था।